
भवाली, प्रेस 15 न्यूज। बरसात के मौसम में नदी-नालों के उफान और तेज बहाव के खतरे को लेकर लगातार चेतावनी जारी होने के बावजूद पर्यटक लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं।
भवाली से लेकर अल्मोड़ा मार्ग तक कई स्थानों पर पर्यटक शिप्रा और कोसी नदियों में नहाते और पानी में उतरकर मस्ती करते नजर आ जाते हैं।
खास बात यह है कि कई संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन की ओर से चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन रोमांच और मौज-मस्ती के आगे सुरक्षा की हिदायतें नजरअंदाज की जा रही हैं। रामगढ़ के शिप्रा नदी में हुआ हादसा इसी लापरवाही का दर्दनाक उदाहरण है।
कैंचीधाम की शिप्रा नदी में नहाते वक्त बहने से एक पर्यटक की मौत हो गई है। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त रेस्क्यू में शव बरामद किया गया।
नैनीताल जिले में कैंचीधाम आश्रम से चंद किलोमीटर दूर रामगाड़ में कुछ पर्यटक नदी में मस्ती के लिए उतरे। मौसम सुहावना होने और मस्ती के मूड में राजस्थान निवासी 21 वर्षीय प्रिंस नदी में उतर गया। तैरते वक्त प्रिंस नदी में डूब गया जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
प्रिंस के रैस्क्यू के लिए एस.डी.आर.एफ.को बुलाया गया, जिन्होंने बमुश्किल प्रिंस को गहरे पानी से निकाला। प्रिंस को कृतिम ऑक्सीजन देने के बावजूद बचाया नहीं जा सका।
प्रिंस के परिजनों को सूचना दे दी गई और उन्हें एम्ब्युलेंस से अस्पताल भेज दिया गया। एस.डी.आर.एफ.की तरफ से पुष्कर जीना, अमित टम्टा, गणेश मेहरा, विपुल भट्ट, कमल जोशी, विक्रम सिंह समेत नैनीताल जिला पुलिस ने रैस्क्यू किया।
(वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)









