दुःखद: अल्मोड़ा में बारिश बनी काल, मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा, प्रेस 15 न्यूज। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। विकासखंड हवालबाग के ओडयूड़ा गांव में तड़के भारी मलबा एक मकान में घुस गया। हादसे में मलबे की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक मकान में मलबा घुस गया है और कुछ लोग उसके भीतर दबे हुए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

Ad

बताया गया कि मकान के एक हिस्से में परिवार के बुजुर्ग मौजूद थे, जो हादसे में सुरक्षित बच गए। वहीं बगल के कमरे में परिवार के तीन सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान मकान के पीछे की ओर से आया भारी मलबा दीवार को तोड़ते हुए कमरे में जा घुसा। मलबे में दबने से परिवार की बहू, उनके बेटे और बेटी की जान चली गई।

मृतकों की पहचान 42 वर्षीय प्रेमा देवी, 19 वर्षीय कल्पना आर्या और 18 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई। टीम को गुलाब राम मकान के बाहर के कमरे में सोने के कारण सुरक्षित मिले।

रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचते ही बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी रहीं। सीओ रानीखेत, एसडीएम और तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी की। दो एंबुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गई थीं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि रास्ते में मलबा आने के बावजूद राहत-बचाव दलों को समय पर घटनास्थल तक पहुंचाया गया। रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। फिलहाल तीन जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम जारी है। सड़क को भी खोल दिया गया है और शेष मलबा साफ किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि मुआवजे की प्रक्रिया शाम तक पूरी कर दी जाए।

बारिश के बीच हुई इस घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबे के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और कमजोर मकानों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। फिलहाल प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति सामान्य बताई गई है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
4

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें