दुखद: नैनीताल में कार के अंदर मिला अधिवक्ता का शव, सुसाइड नोट भी मिला

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्किंग में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार के भीतर एक अधिवक्ता का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में गोली लगने से मौत की बात सामने आ रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग में खड़ी कार से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब करीब जाकर देखा तो कार के अंदर व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पार्किंग कर्मियों ने अन्य अधिवक्ताओं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

Ad

मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का निरीक्षण किया, जहां अधिवक्ता का शव अंदर पाया गया। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद हुई है, जो मृतक के हाथ में थी। इसके अलावा वाहन के डैशबोर्ड से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है।

सूत्रों के मुताबिक, नोट में मृतक ने बीमारी से परेशान होने का जिक्र किया है और अपनी मानसिक स्थिति का हवाला दिया है। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि या उसकी सामग्री सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें