
ओखलकांडा (भीमताल) प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से मल्ला ओखलकांडा की ओर सामान लेकर जा रहा मालवाहक ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सिंचाई विभाग का मालवाहक ट्रक संख्या यूके-04 सीबी-1819 हल्द्वानी से सिंचाई विभाग का सामान लेकर मल्ला ओखलकांडा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में धानाचूली निवासी 25 वर्षीय कमल जोशी की मौत हो गई। वहीं 24 वर्षीय रोहित कुमार, 59 वर्षीय दीवान सिंह मेहता और 27 वर्षीय पंकज बिष्ट घायल हुए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और घायलों को खाई से बाहर निकालने में सहयोग किया।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट ✍️)









