
लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। सेंचुरी पेपर मिल लालकुआं में कार्यरत एक संविदा श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फैक्ट्री प्रबंधन, श्रम संगठनों और परिजनों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद मृतक के परिवार को 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और स्थायी नौकरी देने पर सहमति बनी।
जानकारी के अनुसार सेंचुरी पल्प एंड पेपर कारखाने में मेसर्स एस.एम. इंटरप्राइजेज के संविदा अंतर्गत कार्यरत मोहन राम (34) पुत्र स्व. हरक राम निवासी बिंदुखत्ता, लालकुआं मंगलवार को जनरल शिफ्ट में ड्यूटी पर थे।
बताया गया कि अपराह्न करीब 4:15 बजे वह इंस्ट्रूमेंट विभाग के पीछे अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल कारखाने की डिस्पेंसरी को दी गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद श्रमिकों और परिजनों में आक्रोश का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को फैक्ट्री प्रबंधन, मृतक के परिजनों और श्रम संगठनों के बीच वार्ता हुई।
वर्ष 2021 और 2024 के पंजीकृत समझौतों के आधार पर प्रबंधन ने मृतक की पत्नी भावना देवी को 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया। साथ ही परिवार के एक पात्र सदस्य को कारखाने में स्थायी नौकरी देने पर भी सहमति बनी।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। घटना के बाद श्रमिकों में भी कई सवाल उठ रहे हैं।









