ऋषिकेश में बजरंग सेतु पर कांच के ट्रैक का टिकट तय, जानिए कितना लगेगा शुल्क

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश, प्रेस 15 न्यूज। तीर्थनगरी ऋषिकेश में नवनिर्मित बजरंग सेतु पर आवाजाही को लेकर सरकार ने नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। पुल के सामान्य कंक्रीट मार्ग से आवागमन पूरी तरह निशुल्क रहेगा, जबकि रोमांच और पर्यटन के लिए बनाए गए कांच के फर्श वाले हिस्से (ग्लास स्काईवॉक) पर चलने के लिए पर्यटकों को निर्धारित शुल्क देना होगा।

नई व्यवस्था के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए टिकट 100 रुपये और 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों व किशोरों के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। एक टिकट के जरिए पर्यटक अधिकतम दो घंटे तक कांच वाले हिस्से पर घूम सकेंगे।

Ad

कांच वाले ट्रैक पर पर्यटकों के प्रवेश का समय भी निर्धारित किया गया है। यहां सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही जाने की अनुमति होगी। वहीं, पुल का बीच वाला सामान्य कंक्रीट मार्ग 24 घंटे आम आवाजाही के लिए पूरी तरह निशुल्क खुला रहेगा। यानी स्थानीय लोगों और आम यात्रियों को पुल पार करने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा।

बताया गया है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बजरंग सेतु के संचालन और प्रबंधन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को मंजूरी दे दी है। कांच वाले हिस्से के लिए शुल्क से मिलने वाली राशि का उपयोग पुल की सुरक्षा, रखरखाव और व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में किया जाएगा।

पुराने लक्ष्मण झूला के समीप तैयार किया गया बजरंग सेतु अपनी आधुनिक डिजाइन और कांच के फर्श वाले हिस्से के कारण पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनने जा रहा है। भारत के पहले कांच के फर्श वाले केबल सस्पेंशन ब्रिज के रूप में इसे ऋषिकेश के पर्यटन को नई पहचान देने वाली परियोजना के तौर पर देखा जा रहा है।

खास बात यह है कि पर्यटकों को कांच के ट्रैक का रोमांच लेने के लिए ही टिकट लेना होगा, जबकि पुल से सामान्य आवागमन पहले की तरह पूरी तरह मुफ्त रहेगा।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें