
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। तल्लीताल स्थित डांठ पर कृष्णापुर क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने नैनीताल से मोटर मार्ग कनेक्टिविटी की मांग को लेकर अनशन शुरू कर दिया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कृष्णापुर, दुर्गापुर और वीरभट्टी क्षेत्र को नैनीताल से जोड़ने वाला मोटर मार्ग लंबे समय से बंद है। इसे दोबारा जोड़कर सुचारू किए जाने की मांग की जा रही है।
इससे पहले मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने सांकेतिक धरना दिया था। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह मोटर मार्ग पहले ‘ब्रेवरी रोड’ के नाम से जाना जाता था। उनका कहना है कि बलिया नाले में टूटी पहाड़ी का ट्रीटमेंट होने के बावजूद ठेकेदार ने करीब 100 मीटर मोटर मार्ग को नहीं जोड़ा है।
जिलाधिकारी नैनीताल और सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता को दिए पत्र में क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया है कि बलिया नाले में हजारों टन वजन वाली मशीनों के इस्तेमाल से जब सड़क या बलिया नाले को नुकसान नहीं हो रहा है, तो उनकी छोटी-छोटी गाड़ियों से ऐसा कैसे हो सकता है। पत्र में कहा गया है कि बड़ी मशीनें उनकी गाड़ियों की तुलना में कहीं अधिक कंपन करती हैं।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि यदि ये मशीनें जरूरी हैं तो हर समय आवाजाही करने वाले करीब 3000 लोगों के लिए मोटर मार्ग भी उतना ही जरूरी है। पत्र में यह भी सवाल उठाया गया है कि करीब 300 करोड़ रुपये खर्च कर बनाए गए बलिया नाले को यदि छोटी गाड़ियों से नुकसान होने का खतरा है तो बड़ी मशीनों को वहां लगाए जाने का आधार क्या है और इसके लिए किस भू-वैज्ञानिक की रिपोर्ट ली गई है।
पूर्व सभासद कैलाश रौतेला द्वारा लिखे पत्र में यह भी कहा गया है कि इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद यदि क्षेत्र को कच्चा बताया जा रहा है तो ठेकेदार का कार्य संदेह के घेरे में है।
एक सप्ताह का समय, आंदोलनकारियों ने बदला धरने का स्वरूप
कैलाश रौतेला ने बताया कि बुधवार को विधायक सरिता आर्या और एसडीएम नवाजिश खलीक धरनास्थल पहुंचे। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। आंदोलनकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि अब वे सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक सांकेतिक धरने पर बैठेंगे और इस दौरान नारेबाजी नहीं करेंगे।
धरने में नगर पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, सभासद मनोज साह जगाती, अनिल सिंह रावत, दामोदर जोशी, शंकर सिंह बिष्ट, विनोद सिंह शाही, हिमांशु जोशी, जीवन चंद जोशी, रोजी खान, सुरेश कुमार, कमल बंगाली, दीपा रौतेला, गीता सुयाल, मदन सिंह बोरा, गजेंद्र सिंह बोरा, नीमा रौतेला और लक्ष्मी परगाई आदि मौजूद रहे।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट)









