
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। “स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र की पहचान” इस विचार को साकार करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के लिए एक दिवसीय निशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत मीडिया कर्मियों की व्यस्त जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या एवं कार्यदबाव को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल तथा संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने उपस्थित रहकर उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया एवं व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है, क्योंकि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मीडिया शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने के साथ-साथ समाज को जागरूक करने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मीडिया प्रतिनिधियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है तथा उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित इस शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, थायराइड, विभिन्न रक्त जांचों सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत रोग विशेषज्ञों एवं फिजिशियन द्वारा व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यक औषधियों का भी निशुल्क वितरण किया गया।
शिविर में जनपद के हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 100 से अधिक पत्रकारों एवं परिजनों ने शिविर का लाभ उठाया।
संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
यह शिविर राज्य सरकार की उस दूरदर्शी सोच का सशक्त उदाहरण है, जिसके अंतर्गत “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इससे पूर्व प्रातः मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चन्द्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया गया।
शिविर में डॉ. आर.एस. कुंवर (फिजिशियन), डॉ. सुधांशु सिंह (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनीता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीप्ति (दंत रोग विशेषज्ञ), दीपा सुनारी (फार्मासिस्ट) सहित मेडिकल टीम, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम, विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।









