
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड पुलिस विभाग से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई। देहरादून एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात 49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील अपने रानीपोखरी क्षेत्र स्थित नागाघेर आवास के बरामदे में मौजूद थे।
इसी दौरान उनकी कार्बाइन से अचानक गोलियां चलीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत उपचार के लिए हिमालय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया के अनुसार, हेड कांस्टेबल को उनकी ही कार्बाइन से 11 गोलियां लगी हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एसपी देहात जया बलोनी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य परिस्थिति का परिणाम है।









