
नई दिल्ली/भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में पहल करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर क्षेत्र की संचार समस्याओं से अवगत कराया और त्वरित समाधान की मांग की।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में केंद्र सरकार के सहयोग से एक दर्जन से अधिक बीएसएनएल के 4जी टावर स्थापित किए गए हैं। इनमें से कई टावर सैटेलाइट माध्यम से संचालित हो रहे हैं, जिसके कारण उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और अपेक्षित नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि आज भी क्षेत्र के अनेक ग्रामीण और दुर्गम गांव मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं, जिससे स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री कैड़ा ने नेटवर्क विहीन गांवों में नए मोबाइल टावर स्थापित करने, नवस्थापित बीएसएनएल 4जी टावरों को फाइबर लाइन से जोड़ने तथा बीएसएनएल सेवाओं को आधुनिक और अधिक मजबूत बनाने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को भीमताल क्षेत्र में संचार सेवाओं का विस्तृत सर्वेक्षण कराने और नेटवर्क कनेक्टिविटी को शीघ्र सुदृढ़ करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में बेहतर संचार व्यवस्था न केवल स्थानीय लोगों के जीवन को सुगम बनाएगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी।









