
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आज जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर एसडीएम प्रमोद कुमार द्वारा सरकारी स्कूल से लेकर अस्पताल तक औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बुधवार सुबह 9:45 बजे राजकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में कुल 30 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से केवल 21 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। मौके पर एक सहायक अध्यापिका उपस्थित मिली, जबकि प्रधान अध्यापिका जनगणना कार्य में जाने के कारण अनुपस्थित बताई गई।
निरीक्षण में विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सामान्य से कम पाई गई। संबंधित अध्यापक को अधिक मेहनत के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। मिड-डे मील की गुणवत्ता सुधारने के भी निर्देश दिए गए। एमडीएम में मूंग की दाल, आलू और न्यूट्रिला की सब्जी तैयार पाई गई।
इसके पश्चात बेस अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जहां सीएमएस केएस दुग्ताल उपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में लिफ्ट के समीप कर्मचारियों द्वारा मोटरसाइकिल खड़ी कर रास्ता अवरुद्ध किया गया था, जिसे मौके पर हटाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि शाम की ड्यूटी में आने वाले डॉक्टरों द्वारा उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं, जिससे उपस्थिति की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
मरीजों से बातचीत में सभी ने बताया कि उन्हें अस्पताल से दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल में स्वीकृत पदों के सापेक्ष कई विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी भी पाई गई, जिससे व्यवस्थाओं में कठिनाई बताई गई।
इसके अतिरिक्त विद्युत वितरण खंड सुभाषनगर का भी निरीक्षण किया गया, जहां एसडीओ उज्ज्वल भास्कर उपस्थित पाए गए और सभी कार्मिक मौजूद थे। विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में क्षेत्र में कहीं भी रोस्टिंग नहीं हो रही है। मौके पर खराब पोलों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।









