
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज । उत्तराखंड की राजनीति से रविवार को दुखद समाचार सामने आया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का रविवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और पिछले कुछ समय से उपचाराधीन थे।
हीरा सिंह बिष्ट प्रदेश कांग्रेस के उन वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बाद संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। उनके सरल स्वभाव, संगठनात्मक क्षमता और जनता से जुड़ाव के कारण उन्हें सभी दलों में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन एवं प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का जाना कांग्रेस परिवार और उत्तराखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता का पूरा जीवन समाज और संगठन की सेवा के लिए समर्पित रहा तथा उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
पूर्व मंत्री के निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।









