

उत्तरकाशी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह करीब नौ बजे दर्दनाक हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 6 की मौत हो गई जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ है।
यह हेलीकॉप्टर Aerotrans Services Pvt. Ltd. का था, जिसकी रजिस्ट्रेशन संख्या VT-OXF है। यह सहस्त्रधारा (देहरादून) से खरसाली (उत्तरकाशी) की ओर उड़ान भर रहा था, लेकिन बीच रास्ते में गंगनानी क्षेत्र के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, आपदा प्रबंधन टीम, 108 एंबुलेंस, तहसील प्रशासन और अन्य राहत-बचाव इकाइयां घटनास्थल की ओर रवाना हुईं। बताया गया है कि हेलीकॉप्टर करीब 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिरा, जहां से राहत टीमों ने शवों और घायल को निकाला।
मृतकों की पहचान
कला सोनी (61), मुंबई
विजया रेड्डी (57), मुंबई
रुचि अग्रवाल (56), मुंबई
राधा अग्रवाल (79), उत्तर प्रदेश
वेदवती कुमारी (48), आंध्र प्रदेश
रॉबिन सिंह (60), गुजरात – पायलट
घायल यात्री
मस्तू भास्कर (51), आंध्र प्रदेश
घायल को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाने हेतु हेलीकॉप्टर भेजा गया है। इस हादसे की पुष्टि जिला प्रशासन ने की है। उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम स्थित हैं, जहां चारधाम यात्रा के चलते भारी आवाजाही चल रही है। खराब मौसम के कारण भी यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।




