
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी में लंबे समय से सड़क निर्माण, सीवर लाइन, पेयजल और बिजली से जुड़े अधूरे कार्यों के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब इन परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने एडीबी परियोजना समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए और सड़क निर्माण सहित प्रमुख परियोजनाओं को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में हल्द्वानी नगर क्षेत्र में एडीबी सहायतित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) परियोजना के अंतर्गत संचालित सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, सड़क पुनर्निर्माण एवं वर्षा जल प्रबंधन कार्यों की समीक्षा नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी एवं नगर आयुक्त परितोष वर्मा द्वारा की गई।
बैठक में पेयजल निर्माण निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग तथा विद्युत वितरण खंडों के विभिन्न कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उप कार्यक्रम निदेशक मृदुला सिंह ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत 216 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 94 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य अभी शेष है।
इनमें 64 किलोमीटर बिटुमिनस (बीटी) सड़क तथा 30 किलोमीटर सीसी सड़क का निर्माण किया जाना है। अधिकारियों ने सीवर कार्य से प्रभावित 10 किलोमीटर सड़क का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा सभी शेष सड़क निर्माण कार्यों को 20 जून से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कुसुमखेड़ा, कटघरिया एवं ऊँचापुल चौराहे पर चल रहे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा तीनपानी से मंडी तक चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
शनि बाजार नाले के डायवर्जन कार्य के लिए रेलवे विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने हेतु एक नोडल अधिकारी नामित कर रेलवे अधिकारियों के साथ आगामी सप्ताह में समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।
बैठक में लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड, हल्द्वानी) के सहायक अभियंता ललित तिवारी को नरिमन से गौला पुल के मध्य चल रहे कार्यों को जून माह के प्रथम पक्ष तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (नगरीय) प्रदीप कुमार को गौला पुल से नरिमन चौराहे के मध्य स्थापित नई विद्युत लाइन को एक जून से चार्ज करने तथा पुराने विद्युत पोलों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही तीनपानी से मंडी के मध्य 33 केवी विद्युत लाइन को भूमिगत करने के लिए एडीबी अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर एक माह के भीतर कार्य पूरा करने को कहा गया।
कटघरिया से ब्लॉक मार्ग की ओर अवशेष वृक्षों के पातन एवं वन विभाग की स्वीकृतियों के संबंध में नवीन सर्वेक्षण कराने के लिए वन विकास निगम एवं वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
कुसुमखेड़ा चौराहे पर विद्युत पोलों के लंबे स्पान को देखते हुए विद्युत लाइन को यूटिलिटी डक्ट के माध्यम से भूमिगत करने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण) एस.के. गुप्ता एवं एडीबी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिशासी अभियंता पेयजल निर्माण निगम शशिभूषण शाह को राजपुरा एवं सुभाष नगर क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने तथा सड़क पुनर्निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ऊँचापुल चौराहे पर सिंचाई नहर को डायवर्ट कर चौराहे के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने पर भी जोर दिया गया।
उप कार्यक्रम निदेशक मृदुला सिंह ने बताया कि देवखड़ी नाले की डिसिल्टिंग का लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने कार्य में तेजी लाने तथा अतिरिक्त मशीनरी एवं वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जीएसटी कार्यालय के समीप देवखड़ी नाले और सिंचाई विभाग की नहर के संगम स्थल पर, जहां पूर्व में अतिवृष्टि के दौरान एक युवक की मृत्यु हो गई थी, वहां नाले के मुहाने को चौड़ा करने के लिए साइफन निर्माण की संभावना का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड हल्द्वानी दिनेश रावत को दिए गए।
बैठक में परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (नगरीय) प्रदीप कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण) एस.के. गुप्ता, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड हल्द्वानी दिनेश रावत, अधिशासी अभियंता पेयजल निर्माण निगम शशिभूषण शाह तथा सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग ललित तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









