
चमोली/देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। ओमान में आयोजित 120 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त कर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले पूर्व सैनिक एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट कलम सिंह बिष्ट से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में भेंट की और उन्हें सम्मानित किया।
जनपद चमोली के विकासखंड देवाल अंतर्गत ग्रामसभा मुंदोली निवासी कलम सिंह बिष्ट ने रेगिस्तानी और पथरीले मार्गों पर आयोजित इस अत्यंत कठिन प्रतियोगिता में विश्व के हजारों धावकों को पीछे छोड़ते हुए शानदार जीत दर्ज की। उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड ही नहीं, पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलम सिंह बिष्ट पूर्व में भारतीय सेना की चौथी गढ़वाल राइफल में सेवाएं दे चुके हैं। सैन्य जीवन में सीखा गया अनुशासन, साहस और दृढ़ संकल्प उनके खेल प्रदर्शन में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद खेल के क्षेत्र में भी उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कलम सिंह बिष्ट के जीवन से प्रेरणा लें और यह समझें कि कठोर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर विश्व स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों और पूर्व सैनिकों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलम सिंह बिष्ट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी खेल प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। भेंट के दौरान अन्य भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।









