देहरादून को जाम से बचाने की तैयारी… कांवड़ियों के वाहनों की शहर में एंट्री बंद

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के साथ ही आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए देहरादून यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। इस बार कांवड़ यात्रियों के वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

शहर की सीमाओं पर ही वाहनों को रोककर उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Ad

देहरादून में इन दिनों स्कूल खुल चुके हैं, जिससे सुबह और दोपहर के समय स्कूल बसों, अभिभावकों और छात्रों के कारण यातायात का दबाव पहले से ही बढ़ गया है।

दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ रही है और जाम की स्थिति बन रही है। ऐसे में कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों वाहनों के शहर में प्रवेश से हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने पहले से विस्तृत रणनीति तैयार की है।

यातायात पुलिस के अनुसार पांवटा साहिब की ओर से आने वाले कांवड़ यात्रियों के वाहनों को धर्मावाला से ही शहर की ओर आने से रोक दिया जाएगा और उन्हें वैकल्पिक मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

वहीं, दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे के रास्ते आने वाले कांवड़ वाहनों को भी शहर की सीमा में प्रवेश से पहले ही यू-टर्न कराकर निर्धारित मार्गों पर भेजने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को मार्ग खोजने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यात्रा के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौराहों, चेक पोस्टों, सीमावर्ती पुलिस चौकियों और बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

पुलिसकर्मी प्रत्येक कांवड़ वाहन की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी वाहन निर्धारित रूट प्लान का पालन करें। ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाकर पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से कांवड़ मार्गों पर जाने से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही वाहन चालक ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी निर्देशों और डायवर्जन प्लान का पालन करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और आम जनता की परेशानी, दोनों को ध्यान में रखकर यह विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों तथा एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही किसी भी स्थिति में बाधित न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें