
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। सोमवार को सरोवरनगरी नैनीताल से आई दुखद खबर ने सबको झकझोर दिया। जिला न्यायालय और कमिश्नरी के समीप रहने वाले नोटरी अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी ने कार में अपने को पॉइंट ब्लेंक से गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त की। पूरन ने गाड़ी के डैशबोर्ड में सुसाइड नोट भी रख छोड़ा है। अब पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
नैनीताल में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में स्टाम्प वेंडर का काम करने वाले पूरन सिंह भाकुनी ने सोमवार सवेरे आत्महत्या कर ली। उन्होंने कार में पीछे बैठकर अपने को गोली मार ली। किराए पर रहने वाले 58 वर्षीय पूरन ने 6 माह पूर्व ही शादी की थी। सूचना मिलने के बाद कार के समीप अधिवक्ताओं का जमावड़ा लग गया। आनन फानन में पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पूरन ने सुसाइड नोट में परिजनों के मोबाइल नंबर के साथ लिखा है “मैं इस बीमारी से दिन प्रतिदिन शारीरिक और मानसिक रूप से अत्यधिक कमजोर हो गया हूँ। एक वर्ष से संभलने की कोशिश कर रहा हूँ। अब जीवन की गाड़ी को धकेलना असंभव हो चुका है।
मेरी विशेषकर आयुक्त दीपक रावत, डीएम, एसएसपी समेत शहर के सभी मित्रों और अन्य साथियों से अनुरोध है कि मेरी पत्नी को ढांढस बँधा देना ताकि वो कोई गलत कदम न उठाएं। मुझे माफ कर देना”।
शहर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्किंग में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार के भीतर एक अधिवक्ता का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में गोली लगने से मौत की बात सामने आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग में खड़ी कार से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब करीब जाकर देखा तो कार के अंदर व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पार्किंग कर्मियों ने अन्य अधिवक्ताओं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
(“प्रेस 15 न्यूज” के लिए नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









