यूओयू और आरएनटीयू भोपाल के बीच हुआ एमओयू, शिक्षा-शोध में मिलकर करेंगे काम

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/भोपाल, प्रेस 15 न्यूज। उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देते हुए उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू), हल्द्वानी तथा रविन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल के बीच शनिवार को शैक्षणिक सहयोग संबंधी महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक गतिविधियों में मिलकर कार्य करेंगे, जिससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को व्यापक अवसर प्राप्त होंगे।

Ad

समझौता रविन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. संतोष चौबे तथा दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) नवीन चन्द्र लोहनी एवं रविन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रवि प्रकाश दुबे की मौजूदगी में दोनों संस्थानों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर आरएनटीयू की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी भी उपस्थित रहीं।

कुलपति प्रो. डॉ. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि यह समझौता दोनों विश्वविद्यालयों के बीच ज्ञान, अनुभव और संसाधनों के आदान-प्रदान का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में संस्थानों के बीच सहयोग समय की आवश्यकता है। इस साझेदारी से विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को नए अवसर मिलेंगे तथा अकादमिक उत्कृष्टता को नई दिशा मिलेगी।

एमओयू के तहत दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त शोध परियोजनाओं, शिक्षा एवं नवाचार, छात्र और संकाय आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, पाठ्यक्रम विकास तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में परस्पर सहयोग करेंगे।

साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।

रविन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रवि प्रकाश दुबे ने कहा कि यह साझेदारी दोनों संस्थानों की शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमता को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सहयोग विद्यार्थियों के समग्र विकास, नवाचार को प्रोत्साहन और उत्कृष्ट अकादमिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से रविन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. संतोष चौबे को विश्वविद्यालय का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रो. चौबे ने इस शैक्षणिक सहयोग का स्वागत करते हुए कहा कि यह समझौता ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच दीर्घकालिक एवं परिणामोन्मुखी साझेदारी की मजबूत नींव साबित होगा।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें