
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। भीमताल विधानसभा क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों, सिंचाई नहरों और नदी किनारे हो रहे भू-कटाव को लेकर क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने संवेदनशील पहल करते हुए गुरुवार को सचिवालय में आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन से मुलाकात की और आपदा मद से धनराशि स्वीकृत करने की सशक्त मांग रखी।
विधायक कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में कई मोटर मार्ग बरसात से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही बाधित हो रही है। इसके साथ ही अनेक सिंचाई नहरों के टूटने से किसानों की खेती प्रभावित हुई है और उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गौला, लाधिया, कलशा और नंधौर नदियों के किनारे लगातार भू-कटाव हो रहा है। इससे किसानों की उपजाऊ भूमि बह रही है और कई गांवों में आवासीय मकानों पर भी खतरा बना हुआ है।
विधायक कैड़ा ने आपदा सचिव से मांग की कि क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, भूमि कटाव और मकानों की सुरक्षा के लिए सीमेंट ब्लॉक व चेकडैम बनाए जाएं तथा आपदा से प्रभावित सिंचाई नहरों के पुनर्निर्माण हेतु आपदा मद से तत्काल धनराशि स्वीकृत की जाए।
आपदा सचिव ने जनहित से जुड़े इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।









