बागेश्वर का महेश सिंह कपकोटी गुलदार की खाल और हड्डियों के ढेर के साथ नैनीताल से गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जिले के पर्वतीय और मैदानी जिलों में गुलदार के खौफ के बीच नैनीताल में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलदार की दो खालों के साथ एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर के पास से गुलदार की लगभग 6 माह पुरानी हड्डियाँ भी बरामद की गई हैं।

नैनीताल के किलबरी–पंगूट मोटर मार्ग पर वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

Ad

प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार एवं एसडीओ ममता चंद के निर्देशन में नगरपालिका रेंज और प्राणी उद्यान के रेंज अधिकारियों ललित मोहन कार्की एवं आनंद लाल आर्या तथा यूके एसटीएफ टीम ने संयुक्त रूप से यह बड़ी कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान दो गुलदार की खाल और भारी मात्रा में गुलदार की हड्डियों के साथ एक वन्यजीव तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया। तस्कर की पहचान बागेश्वर जिले के कपकोट निवासी महेश सिंह कपकोटी के रूप में हुई है। जिस दौरान इस तस्कर को मीडिया के सामने लाया गया, वो घुटनों के बीच मुंह छिपाए बैठा रहा।

गिरफ्तारी के बाद वन प्रभाग और एसटीएफ की टीमें तस्कर से गहन पूछताछ कर रही हैं। यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी में कोई अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त था।

वन विभाग ने बताया कि उन्हें इस तस्करी की पूर्व सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। विस्तृत पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शिकार कब, कहां और किस जंगल में किया गया।

गौरतलब है कि गुलदार को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की प्रथम अनुसूची में शामिल किया गया है और इसका शिकार करना गंभीर अपराध है। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ नैनीताल नगरपालिका फॉरेस्ट रेंज में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें