
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। पहाड़ के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से 16 अगस्त को खेतीखान में ‘कृषि तकनीक दिवस’ का आयोजन किया जाएगा।
सेतु आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी की पहल पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, ड्रोन, कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में बाटुली किसान उत्पादक संगठन एवं Pragyan TSP Action Foundation के सहयोग से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सुबह 10 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। महिलाओं के लिए मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कृषि विशेषज्ञों द्वारा ‘कृषि में नई तकनीक और आत्मनिर्भरता’ विषय पर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा आधुनिक कृषि यंत्रों की लाइव प्रदर्शनी भी किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजन के माध्यम से किसानों को जंगली जानवरों के आतंक, विपणन की समस्या, महंगे रासायनिक खाद-कीटनाशक तथा बढ़ती कृषि लागत जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीकी विकल्पों की जानकारी दी जाएगी।
राजशेखर जोशी ने कहा कि पहाड़ की खेती को बचाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक को गांव और खेत तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों, युवाओं और महिला समूहों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी लेने की अपील की।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









