
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। पाटी थाना क्षेत्र के जौलाड़ी गांव में बीएसएनएल की लाइन बिछाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय नेपाली युवक की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना उस समय हुई जब बीएसएनएल का पोल 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया और वहां कार्य कर रहे चार नेपाली मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में सुशील शाही (19) पुत्र गौरव शाही की गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौत हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं धनजीत बध (40) पुत्र जड़ा बध की गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। जबकि उपेंद्र बहादुर पुत्र दिल बहादुर और कमल शाही पुत्र खड़क सिंह को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
थानाध्यक्ष आरसी बेलवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले में गंभीर लापरवाही सामने आई है। बीएसएनएल की लाइन बिछाने का कार्य शुरू करने से पहले विद्युत विभाग से शटडाउन नहीं लिया गया था। घटना के समय मौके पर ठेकेदार भी मौजूद नहीं था। एसआई दिनेश भट्ट ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









