
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। अद्वैत आश्रम मायावती द्वारा संचालित धर्मार्थ चिकित्सालय में 15 से 20 सितंबर तक विशेष लेप्रोस्कोपिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर के लिए मरीजों का पंजीकरण शुरू हो गया है। इंग्लैंड से आ रहे विश्वविख्यात लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. कृष्ण सिंह और उनके सहयोगी डॉ. कौशिक राय मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार देंगे।
शिविर में जाने-माने निश्चेतक डॉ. डीएस दुबे भी अपना सहयोग प्रदान करेंगे। शिविर के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार का लाभ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि शिविर के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पित्त की थैली में पथरी, हर्निया सहित लेप्रोस्कोपिक सर्जरी से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीज चिकित्सालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि शिविर का लाभ लेने के इच्छुक मरीज समय रहते अपना पंजीकरण करा लें।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









