Inspiring Story: कोटाबाग की बेटी देश के लिए दौड़ रही है… उसके सपनों को पंख दे रहे हैं गुंजन तिवारी

खबर शेयर करें -

कोटाबाग, प्रेस 15 न्यूज। देवभूमि की बेटियां जब अपने सपनों की उड़ान भरती हैं तो उनके हौसले को एक छोटे से सहयोग की भी बड़ी ताकत मिलती है। नैनीताल जिले के कोटाबाग विकासखंड के ग्राम बाँसी की रहने वाली पूजा बिष्ट आज इसी हौसले के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही हैं। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पूजा लांग डिस्टेंस रनिंग की ट्रेनिंग ले रही हैं और आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए दिन-रात पसीना बहा रही हैं।

पूजा का सपना है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने के साथ ही आगे चलकर उत्तराखंड और देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतें। इस सपने को पूरा करने की उनकी कोशिशों में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी महत्वपूर्ण सहारा बनकर सामने आए हैं।

Ad

पूजा के अनुसार, उनकी ट्रेनिंग और प्रतियोगिता की तैयारियों में गुंजन तिवारी लगातार सहयोग कर रहे हैं। जरूरत के मुताबिक आर्थिक मदद देने के साथ ही उन्होंने पूजा को स्पॉन्सर किया है। आगामी प्रतियोगिता के लिए यात्रा और दैनिक खर्च के साथ रहने की व्यवस्था भी उनके द्वारा की जा रही है।

पूजा भावुक होकर कहती हैं कि जब भी उन्हें मदद की जरूरत पड़ी, गुंजन तिवारी ने एक बड़े भाई की तरह उनका साथ दिया और उनके सपने पर विश्वास जताया।

प्रतिभा को सिर्फ मौका चाहिए, हम चाहते हैं पूजा जैसी बेटियां अपने सपनों तक पहुंचें: गुंजन तिवारी

समाजसेवी गुंजन तिवारी ने कहा कि पूजा की मेहनत और उनके भीतर अपने लक्ष्य को हासिल करने का जुनून उन्हें प्रेरित करता है।

पूजा सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं हैं, वह हमारे पहाड़ की उस बेटी की तस्वीर हैं जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती है। ऐसे खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा जरूरत भरोसे और साथ की होती है। अगर हमारी छोटी सी मदद से किसी बेटी की मेहनत को मंजिल तक पहुंचने का रास्ता मिलता है, तो इससे बड़ी खुशी हमारे लिए और क्या हो सकती है।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभाओं को संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से समझौता न करना पड़े। मैं चाहता हूं कि हमारे क्षेत्र के युवा खेल के मैदान में आगे बढ़ें, नशे और गलत रास्तों से दूर रहें और अपने परिवार, अपने क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन करें। पूजा की सफलता सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होगी, बल्कि यह उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी जो अपने सपनों को लेकर आगे बढ़ना चाहती हैं।

गुंजन तिवारी ने कहा कि समाजसेवा का उद्देश्य किसी व्यक्ति को अपने ऊपर निर्भर बनाना नहीं, बल्कि उसे अपने पैरों पर खड़ा होने और अपनी क्षमता के दम पर आगे बढ़ने का अवसर देना होना चाहिए।

जनहित के साथ युवाओं और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा

बताते चलें कि पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के माध्यम से समाजसेवी गुंजन तिवारी कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। ब्याज मुक्त ऋण योजना, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘खेल से नाता जोड़ो’ अभियान और युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियानों के साथ ही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे पहले भी कई होनहार खिलाड़ियों को सहयोग देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की पहल की गई है।

वहीं धर्मशाला में पसीना बहा रहीं पूजा बिष्ट के लिए यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उनके सपने पर किसी के विश्वास की ताकत है। अब पूजा की नजर राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है और उम्मीद है कि पहाड़ की यह बेटी अपनी मेहनत के दम पर देश के लिए पदक जीतने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाएंगी।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें