लालकुआं नगर पंचायत में विकास के नाम पर घोटाले की बू, डीएम रयाल ने बैठाई जांच

खबर शेयर करें -

लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। खुलेआम मारपीट और अराजकता से जुड़े विवाद से सुर्खियों में आए लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी एक बार फिर घिरते नजर आ रहे हैं।

जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने नगर पंचायत लालकुआँ से संबंधित विभिन्न कार्यों में संभावित वित्तीय एवं प्रक्रियात्मक अनियमितताओं के संबंध में प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं।

Ad

प्राप्त शिकायतों में डस्टबिन क्रय में लगभग तीन लाख रुपये की लागत से बिना विधिवत निविदा प्रक्रिया अपनाए खरीद किए जाने, नगर के विभिन्न वार्डों में लगभग पांच वर्ष पूर्व निर्मित शौचालयों को ध्वस्त कर पुनः निर्माण कराए जाने, छठ पूजा स्थल पर कराए गए पुनर्निर्माण कार्य की आवश्यकता एवं औचित्य तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान शीतकाल में अलाव हेतु लकड़ी की असामान्य रूप से अधिक खपत एवं उससे संबंधित भुगतान प्रक्रियाओं की पारदर्शिता एवं वैधता से जुड़े विषय शामिल हैं।

उक्त सभी बिंदुओं की निष्पक्ष, तथ्यात्मक एवं समयबद्ध जांच हेतु नगर मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित अभिलेखों जैसे टेंडर, स्वीकृति, भुगतान एवं मापन पुस्तिकाओं का परीक्षण करें, कार्यों का भौतिक सत्यापन कराएं तथा वित्तीय नियमों एवं शासनादेशों के अनुपालन की विस्तृत जांच करें। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही परिलक्षित होती है तो उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।

जांच अधिकारी को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे समस्त तथ्यों एवं अभिलेखीय साक्ष्यों सहित अपनी जांच आख्या 15 दिवस के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगा।

बताते चलें कि इससे पहले पूर्व सैनिक से नगर पंचायत अध्यक्ष बने सुरेंद्र सिंह लोटनी तब सुर्खियों में आए थे जब लालकुआं पंचायत को प्रदेशभर में स्वच्छता सर्वेक्षण में पहला स्थान मिला था।

वहीं, भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों को चुनाव में हराकर नगर पंचायत अध्यक्ष बनना भी जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बना था। हर कोई लोटनी के निर्णयों और ईमानदार छवि से प्रभावित था लेकिन पहले सड़क पर अराजकता वाले मामले में नाम जुड़ने और अब विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों के बीच डीएम की जांच ने लोटनी की छवि पर कई सवाल तो खड़े कर ही दिए हैं। जिनसे पार पाना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा।

 

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें