
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आज की युवा पीढ़ी आखिर किस दिशा में जा रही है, यह सवाल एक बार फिर समाज के सामने खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया की चकाचौंध के बीच जहां जिंदगी बाहर से चमकदार दिखती है, वहीं भीतर कई युवा उलझन, तनाव और खालीपन से जूझ रहे हैं।
ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है सिर्फ बच्चों को जन्म देना ही नहीं, बल्कि उनके भीतर संस्कार, संवाद और मानसिक मजबूती भी भरना जरूरी है। हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र स्थित चांदमारी में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत इसी कड़वी सच्चाई की ओर इशारा करती है।
हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र स्थित चांदमारी में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपने एक दोस्त को मैसेज कर मोबाइल का पिन कोड तक साझा किया, जिससे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चांदमारी निवासी 24 वर्षीय दिव्या आर्या अपने परिवार के साथ रहती थी। वह तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और एमबीपीजी कॉलेज में ग्रेजुएशन फाइनल की छात्रा थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसकी मां पर थी, जो घरों में काम कर चारों बेटियों का पालन-पोषण कर रही है। जबकि दिव्या के पिता का बीमारी के चलते करीब एक वर्ष पहले ही निधन हो गया था।
बताया जा रहा है कि रविवार रात दिव्या ने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई। इसी दौरान उसने अपने एक युवक दोस्त को व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपने मोबाइल का पिन कोड और पासवर्ड भी भेज दिया।
दोस्त को अनहोनी की आशंका हुई तो उसने दिव्या को कई बार कॉल किए। करीब 40 बार फोन करने के बावजूद जब कॉल रिसीव नहीं हुआ, तो वह सीधे उसके घर पहुंच गया। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि दिव्या फंदे से लटकी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तुरंत हल्द्वानी के बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती का मोबाइल कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।









