
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। लालडांठ स्थित ‘लिटिल फ्लावर स्कूल’ का वार्षिक खेल महोत्सव Annual Sports Day आज पूरे हर्षोल्लास और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस खेल कुंभ में नन्हे खिलाड़ियों ने न केवल अपनी शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भव्य उद्घाटन और मुख्य अतिथि
लालडांठ रोड स्थित बैंकेट हॉल परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश पाल, दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष विपिन गुप्ता, सिंथिया स्कूल के प्रबंधक प्रवीण रौतेला, विजयपाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अतिथियों ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर शांति और खेल भावना का संदेश दिया।
इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन व्यापार मंडल के जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे द्वारा अपनी चिर-परिचित शैली में किया गया।
रंगारंग कार्यक्रमों की धूम
खिलाड़ियों के अनुशासित मार्च पास्ट की सलामी के साथ खेलों की शुरुआत हुई। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शानदार वेलकम डांस और मनमोहक योगा प्रदर्शन प्रस्तुत किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच रंगारंग कार्यक्रमों ने समां बांध दिया।
प्रतिभा और पदक की जंग
मैदान पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी फुर्ती का परिचय दिया। इनमें बैलेंस रेस, सुई-धागा रेस, बोरा रेस और बैलून रेस प्रमुख रहीं।
खिलाड़ियों की मेहनत और सदन के प्रति उनके समर्पण के आधार पर परिणामों की घोषणा की गई। गांधी सदन ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं टैगोर सदन दूसरे, नेहरू सदन तीसरे और शास्त्री सदन चौथे स्थान पर रहा। मुख्य अतिथियों ने विजेता छात्र-छात्राओं को पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।
प्रधानाचार्या का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल की प्रधानाचार्या शांति जीना ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार के लिए नहीं, बल्कि अनुशासन और रचनात्मक कौशल विकसित करने के लिए भी जरूरी हैं।









