
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को भक्ति और उत्सव के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की मासूम अदाओं और आकर्षक वेशभूषा से सजी झांकी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं और भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। बच्चों की प्रस्तुतियों में उत्साह, उमंग और भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव साफ दिखाई दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि जीवन में प्रेम, कर्म, धैर्य और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला पर्व है। ।
उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना हमारी जिम्मेदारी है। जब बच्चे स्वयं कृष्ण, राधा और हमारी लोक परंपराओं के पात्रों को जीते हैं, तो वे केवल एक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेते, बल्कि अपनी संस्कृति को समझते और उससे जुड़ते हैं। हमारा प्रयास है कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, संवेदनशीलता और अपनी जड़ों के प्रति सम्मान भी विकसित हो।
उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन से कर्म करते रहने, कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने और सदैव सत्य का साथ देने की प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ।









