जनता के स्नेह में सराबोर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, हल्द्वानी ने बाहें फैलाकर किया स्वागत

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी में आज नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रथम आगमन पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए प्रशंसकों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे रहे कि मंत्री को फूल-मालाएं और गुलदस्ते भेंट करने वालों की लंबी कतार लग गई।

भाखड़ा पुल, लामाचौड़ में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

Ad

इसके बाद विशाल वाहन रैली के साथ उनका काफिला लामाचौड़, फतेहपुर, कठघरिया, ब्लॉक, ऊंचापुल, कुसुमखेड़ा, लालडांठ क्षेत्रों से गुजरा, जहां जगह-जगह कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

हैरानी की बात यह रही कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान वो नेता भी कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के स्वागत को पहुंचे जो जमीन से उठे इस नेता को मिले अपार स्नेह और मंत्री पद से अंदर ही अंदर जल भून रहे थे। उनके हाथ भले ही पार्टी अनुशासन में भीमताल के बेटे के स्वागत को बढ़े लेकिन उनकी शक्ल में साफ उनका दोगला मन पढ़ा जा सकता था। खैर, राम सिंह कैड़ा ने सबको दिल से गले लगाया।

इसके बाद भाजपा संभाग कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

साथ ही उन्होंने भीमताल विधानसभा के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही उन्हें पुनः विधानसभा में सेवा का अवसर मिला और आज मंत्रिमंडल में जिम्मेदारी निभाने का मौका प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा सरकार बनेगी।

कुछ इस अंदाज में प्रशंसकों के स्नेह से घिरे नजर आए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा।
What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें