
गौलापार (हल्द्वानी), प्रेस 15 न्यूज। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल बनता जा रहा Vendy Senior Secondary School एक बार फिर अपनी गुणवत्ता और परिणामों से सुर्खियों में है। यहां सिर्फ पढ़ाई नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य गढ़ने का कार्य किया जाता है। यही वजह है कि इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस बार विद्यालय में 90 प्रतिशत से अधिक अंकों की मानो बारिश हुई है, जिसने पूरे क्षेत्र में स्कूल का नाम रोशन कर दिया। छात्र-छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों की समर्पित मार्गदर्शन और विद्यालय के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का परिणाम इस उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
विद्यालय की मेधावी छात्रा दिव्यांशी ने 97.8% अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं नेहा बेलवाल ने 94.7%, आस्था गोस्वामी ने 93%, हरेंद्र सिंह ने 91.6% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा युवराज पांडे, भूमिका पलडिया, अमन अली और आकाश चिलवाल ने 90% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का 90% से अधिक अंक लाना इस बात का प्रमाण है कि स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रत्येक छात्र पर व्यक्तिगत ध्यान दिया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. विकल बवाड़ी एवं प्रधानाचार्य डॉ. भावना बवाड़ी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक परिणाम है।
उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहें और अपने माता-पिता, विद्यालय व क्षेत्र के नाम रोशन करें।









