हल्द्वानी से खोली कन्यूरी गांव तक: योगाभ्यास के साथ अपनी मिट्टी से जुड़ने का संदेश, APS में विशेष आयोजन

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान सहज योग संगठन के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित, स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है।

Ad

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

विशेष बात यह रही कि विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत पिथौरागढ़ के डीडीहाट ब्लॉक में स्थित अपने पैतृक गांव खोली कन्यूरी में योगाभ्यास कर की। उन्होंने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश देने के साथ-साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा भी दी।

इस अवसर पर भुवन चंद्र उपाध्याय ने कहा कि योग हमें केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ नहीं बनाता, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से भी जोड़ता है। आधुनिक जीवन की भागदौड़ में अपनी जड़ों को भूल जाना उचित नहीं है। जिस मिट्टी ने हमें संस्कार दिए, उससे जुड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है जितना स्वस्थ शरीर के लिए योग करना। योग हमें स्वयं से जोड़ता है और अपनी जन्मभूमि हमें अपनी पहचान से।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें