
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 फरवरी को छोटा कैलाश मंदिर में आयोजित होने वाले भव्य मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है।
मेला व्यवस्थाओं को सुचारू और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में सर्किट हाउस काठगोदाम में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पांडे ने मेला व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मंदिर मार्गों पर साइनेज बोर्ड, पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं के रूट प्लान, साफ-सफाई, शौचालय, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित सभी जरूरी कार्य 10 फरवरी से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं।
सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने लोनिवि, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शीघ्र छोटा कैलाश मंदिर का स्थलीय निरीक्षण करें और जिन स्थानों पर साइनेज बोर्ड की आवश्यकता है, वहां तत्काल बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही विद्युत विभाग को मंदिर परिसर में अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो।
मुख्य विकास अधिकारी ने जल संस्थान को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल टैंकरों की व्यवस्था की जाए। वहीं पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस बल एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पर्यटन अधिकारी को प्लास्टिक मुक्त मंदिर से संबंधित साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जबकि अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को मेला मार्गों पर डस्टबिन लगाने और मेला समाप्ति के बाद समय से कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने स्पष्ट किया कि मेला शुरू होने से पूर्व सभी संबंधित अधिकारी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को दूर करें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी छोटा कैलाश मंदिर का निरीक्षण करेंगे और पिछले वर्ष की सभी खामियों को इस बार समय रहते दूर किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने बताया कि पिछले वर्ष छोटा कैलाश मंदिर में करीब 4.5 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यवस्थाएं बेहतर करने पर जोर दिया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, मेला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









