
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 5 मार्च से 8 मार्च 2026 तक नैनीताल जनपद के दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह 5 मार्च को नई दिल्ली से प्रस्थान कर इंडिगो की फ्लाइट से पंतनगर पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से जीबी पंत यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रिकल्चर एंड टेक्नोलॉजी जाएंगे, जहां उनका लंच कार्यक्रम निर्धारित है।
इसके बाद वे काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में संक्षिप्त विश्राम करेंगे और फिर भीमताल के लिए प्रस्थान करेंगे। 5 मार्च की रात्रि विश्राम भीमताल में रहेगा।
6 मार्च को भीमताल से प्रस्थान कर वे मल्ला रामगढ़ में अल्प विश्राम के बाद सतखोल स्थित श्रीराम चंद्र मिशन पहुंचेंगे। यहां उनका रात्रि विश्राम 6 और 7 मार्च को प्रस्तावित है।
8 मार्च को प्रातः सतखोल से प्रस्थान कर वे भीमताल और काठगोदाम होते हुए पुनः पंतनगर पहुंचेंगे। पंतनगर में दोपहर भोजन के उपरांत वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पूर्व राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है।










