
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही और अनियमितताओं पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। उप जिलाधिकारी हल्द्वानी की जांच आख्या के आधार पर मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल ने शहर के 11 निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
इन विद्यालयों से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित मानकों में पाई गई कमियों पर वे अपना पक्ष प्रस्तुत करें, अन्यथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, उप जिलाधिकारी के पत्रांक 07 अप्रैल 2026 की जांच रिपोर्ट में विभिन्न स्तरों पर खामियां सामने आई थीं। इसी के क्रम में संबंधित विद्यालयों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिन विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल, लक्ष्मी शिशु मंदिर, हाइलैण्डर पब्लिक स्कूल, मॉर्डन पब्लिक स्कूल तिकोनिया, विद्या पुष्प एकेडमी, क्वीन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जेम्स पब्लिक स्कूल, गुरु द्रोण पब्लिक स्कूल, निर्मला कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठगोदाम, बीएलएम एकेडमी और सृजन स्कूल गोलापार शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षा अधिकारी हल्द्वानी इन नोटिसों को संबंधित विद्यालयों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी संकेत दिए गए हैं कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो आगे की कार्रवाई तय मानी जाएगी।
इस कार्रवाई से निजी स्कूलों में हड़कंप मचा है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही को लेकर प्रशासन की मंशा को अभिभावकों का समर्थन मिल रहा है।










