
टनकपुर/चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद शारदा स्नान घाट पर स्नान कर रहा एक परिवार बुधवार को बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। स्नान के दौरान 22 वर्षीय ललिता, पुत्री तेजराम, निवासी ग्राम डाड ककनेई (जिला चम्पावत), गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगी। बेटी को बचाने के प्रयास में उसके माता-पिता भी तेज बहाव और गहरे पानी में फंस गए।
घाट पर मची चीख-पुकार सुनते ही जल पुलिस के गोताखोर रविंद्र कुमार पहलवान ने बिना समय गंवाए शारदा नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती सहित उसके माता-पिता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
समय रहते जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने गोताखोर रविंद्र कुमार पहलवान की बहादुरी और तत्परता की सराहना की।
(गणेश दत्त पांडेय वरिष्ठ पत्रकार, लोहाघाट से एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









