सेना की वर्दी पहन ली, रैंक भी गढ़ लिया, हल्द्वानी में फर्जी मेजर की पोल खुली

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। देश की सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक मानी जाने वाली सेना की वर्दी का दुरुपयोग करने का एक गंभीर मामला हल्द्वानी में सामने आया है, जहां खुद को “मेजर” बताकर घूम रहे एक संदिग्ध युवक को सतर्कता और तत्परता के चलते पुलिस ने धर दबोचा। वर्दी के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले इस युवक की हरकतों ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है।

18 अप्रैल को मेजर अजय पाठक पुत्र पूरन चन्द्र पाठक निवासी वार्ड नंबर 6, शीशमहल काठगोदाम द्वारा वॉकवे मॉल के पास एक व्यक्ति को सेना की वर्दी पहने हुए संदिग्ध अवस्था में देखा गया। उक्त व्यक्ति स्वयं को आर्मी में “मेजर” बताते हुए अपना नाम मेजर अमन बता रहा था।

Ad
गिरफ्त में आया फर्जी मेजर।

मेजर अजय पाठक को उक्त व्यक्ति की वर्दी धारण करने की शैली एवं गतिविधियाँ संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्होंने तत्काल क्षेत्र में मौजूद पीसी-4 पुलिस टीम को सूचना दी।

सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर उक्त व्यक्ति से पूछताछ की गई, किन्तु वह अपने संबंध में कोई ठोस एवं सत्य जानकारी उपलब्ध नहीं करा सका।

प्रथम दृष्टया सेना की वर्दी का दुरुपयोग एवं संदिग्ध गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए, वादी मेजर अजय पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना काठगोदाम में FIR NO-54/26 धारा 168 BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया।

पूछताछ के दौरान सेना की वर्दी पहने व्यक्ति ने अपना नाम अमन उर्फ अमन रोमसन पुत्र क्रिस्टोफर मसीह निवासी नौषर नसर, खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 24 वर्ष बताया।

वर्तमान में वह सुचेतना समाज सेवा केन्द्र, निर्मला कान्वेंट स्कूल के पास, थाना काठगोदाम क्षेत्र में कार्यरत है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसे सेना के प्रति अत्यधिक आकर्षण है तथा सेना में भर्ती होने की तीव्र इच्छा थी, किन्तु भर्ती में असफल होने के कारण उसने सेना की वर्दी धारण की।

प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही जारी है, वहीं आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट एवं सीएमपी द्वारा भी गहन पूछताछ की जा रही है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें