
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 28 फरवरी (शनिवार) को एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर हल्द्वानी पहुंचेंगे। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10:45 बजे लोहियाहेड हेलीपैड, खटीमा (उधमसिंह नगर) से प्रस्थान कर 10:55 बजे एफटीआई हेलीपैड, हल्द्वानी पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री कार द्वारा सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज जाएंगे, जहां वे विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक वे प्रधानमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री अपराह्न 1:00 बजे पीएसपी चिकित्सालय, हल्द्वानी के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 2:30 से 3:00 बजे तक एफटीआई सभागार में जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा बैठक व ब्रीफिंग करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात 3:15 बजे वे एफटीआई हेलीपैड से खटीमा के लिए प्रस्थान करेंगे।









