
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। सच की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, और न ही लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को डराकर चुप कराया जा सकता है, इसी संकल्प के साथ हल्द्वानी में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आरटीआई कार्यकर्ताओं की हिम्मत और सहयोग बढ़ाने की दिशा में आवाज बुलंद हुई है।
प्रदेश भर में कथित पुलिसिया दमन, फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न के विरोध में शुक्रवार को जागरूक नागरिकों ने ‘हल्द्वानी सिविल सोसायटी’ का गठन किया है।
बैठक में जनहित की आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर गहरी नाराजगी जताई गई और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष का संकल्प लिया गया।
इस दौरान विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाए गए तथा भविष्य में व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर सहमति बनी।
सोसायटी के गठन के अवसर पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमों और दबाव की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
बैठक में आरटीआई कार्यकर्ता पीयूष जोशी को संस्थापक सदस्य के रूप में शामिल किया गया। इस अवसर पर सोसायटी के संस्थापक सदस्यों ने उन्हें ‘भारतीय न्याय संहिता 2023’ की द्विभाषी प्रति भेंट कर कानूनी अधिकारों और विधिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया।
बैठक में विशेष रूप से मोटाहल्दू मदरसन फैक्ट्री प्रकरण की निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने और पत्रकारिता जगत से जुड़े “जय भारत टीवी” देहरादून के वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट, “सत्यमेव जयते” और “सत्यमेव ज्ञानम” पाक्षिक समाचार पत्र के संपादक कमल कफल्टिया, “प्रेस 15 न्यूज” के संपादक संजय पाठक और पिथौरागढ़ निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट लक्ष्मीदत्त जोशी सहित तमाम जनहित की आवाज उठाने वाले लोगों पर हाल ही में हुई कथित पुलिस कार्रवाई और दमनात्मक व्यवहार का कड़ा विरोध दर्ज किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता और सामाजिक निगरानी व्यवस्था महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिन्हें दबाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस का दायित्व नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है, न कि उनके खिलाफ दमनात्मक रवैया अपनाना।
सोसायटी के संस्थापक सदस्यों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासनिक व्यवस्थाएं जनहित के मुद्दों पर निष्पक्षता के बजाय दबाव की नीति अपनाती हैं, तो समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा करनी होगी। इस दिशा में ‘हल्द्वानी सिविल सोसायटी’ ने आगे भी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया है।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि जल्द ही पूरे उत्तराखंड के पत्रकारों, आरटीआई कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं को एक मंच पर लाकर जन-अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस अवसर पर संस्थापक सदस्य विशाल शर्मा, विनोद पाठक, छात्र नेता सुमित कार्की, पत्रकार विनोद भट्ट समेत गणमान्य लोग मौजूद रहे।









