
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। भीमताल में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, शिशुओं एवं बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहने देने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बाल विकास परियोजना भीमताल के अंतर्गत एक यूनिवर्सिटी के सभागार में बाल संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश रजवार की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया की उपस्थिति और समन्वय में आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सदस्य योगेश रजवार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों से संवाद करते हुए उनके कार्यों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बच्चों की संख्या बढ़ाने, शिशुओं एवं बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहने देने तथा विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं।
बैठक में डॉ. रेनू मर्तोलिया द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की स्थिति से अवगत कराया गया तथा लाभार्थियों तक योजनाओं का पूर्ण लाभ पहुँचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई। उनके द्वारा क्षेत्र में योजनाओं के प्रभावी संचालन हेतु समन्वय एवं निगरानी पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया के साथ सुपरवाइजर बबली हुसैन, श्रीमती हेमा मासीवाल, हेमा त्रिपाठी, रीना यादव सहित सभी सेक्टर आंगनवाड़ी कार्यकर्तियां उपस्थित रहीं।









