SSC भर्ती परीक्षा: दून में रिमोट एक्सेस से सॉल्व हो रहे थे प्रश्नपत्र, पास कराने को 10 लाख में तय था सौदा

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। मेहनत नहीं, मशीनें पास करा रही थीं और कीमत थी लाखों की। SSC भर्ती परीक्षा को हाईटेक ठगी की फैक्ट्री में बदल दिया गया, जहां जमीन के नीचे बने गुप्त चैम्बर से रिमोट एक्सेस पर सवाल हल हो रहे थे और अभ्यर्थियों की किस्मत का सौदा तय हो रहा था। देहरादून में खुला यह खेल परीक्षा तंत्र पर सीधा हमला है ईमानदारी को रौंदने की साजिश बेनकाब।

उत्तराखंड एसटीएफ ने SSC मल्टी टास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार भर्ती परीक्षा-2025 में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Ad

पुलिस के अनुसार, परीक्षा केंद्र महादेव डिजिटल जोन, एमकेपी इंटर कॉलेज देहरादून में छापेमारी के दौरान परीक्षा लैब के पास यूपीएस कक्ष में जमीन के नीचे बनाए गए गुप्त चैम्बर से दो लैपटॉप, राउटर और रिमोट एक्सेस सिस्टम बरामद किया गया। इन उपकरणों के जरिए बाहर बैठे संचालक प्रश्नपत्र हल कर अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचा रहे थे।

जांच में सामने आया कि गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के नाम पर प्रति उम्मीदवार करीब 10 लाख रुपये तक की मांग कर रहा था। बरामद उपकरणों को जब्त कर परीक्षा केंद्र को सील कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (नागलोई, दिल्ली) और भास्कर नैथानी (देहरादून) के रूप में हुई है।

दोनों के खिलाफ उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम 2023, बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है। यह जानकारी शनिवार को एसटीएफ के आईजी डॉ. निलेश आनंद भरणे ने प्रेसवार्ता के माध्यम से दी।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें