
चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। बेलखेत क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक जेसीबी मशीन अचानक आग की लपटों में घिर गई। सूचना पर चंपावत फायर स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। फायर कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात्रि 12:58 बजे फायर स्टेशन चम्पावत को बेलखेत में जेसीबी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर यूनिट वाटर टेंडर के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने तक आग पूरी जेसीबी को अपनी चपेट में ले चुकी थी और तेज लपटें उठ रही थीं।
फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए होजरील और वाटर टेंडर की सहायता से लगातार पानी की बौछार कर आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास के वाहनों और क्षेत्र तक नहीं फैल सकी।
हालांकि आग की इस घटना में जेसीबी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस अभियान में डीवीआर नीरज जोशी, फायरमैन सचिन सिंह और फायरमैन शीश राम राणा ने सक्रिय भूमिका निभाई। फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा नुकसान टल गया।
(गणेश दत्त पांडेय वरिष्ठ पत्रकार, लोहाघाट से एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









