
मुक्तेश्वर, प्रेस 15 न्यूज। मुक्तेश्वर घूमने आए पर्यटकों से भरी एक बस सतबुंगा के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तेजी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि बस में चालक समेत 22 लोग सवार थे। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत कर 21 यात्रियों को एक-एक कर खाई से बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के जरिए भवाली और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
हादसे के बाद एक यात्री के बस के नीचे दबे होने की सूचना से रेस्क्यू टीमों की चुनौती बढ़ गई। करीब 50 मीटर गहरी खाई में उतरकर जवानों और स्थानीय लोगों ने मानवीय श्रृंखला बनाकर घायलों को सड़क तक पहुंचाया।
मौके पर भवाली के सीओ रविकांत सेमवाल समेत पुलिस और बचाव दल लगातार डटे रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी यात्री फरीदाबाद के बताए जा रहे हैं और मुक्तेश्वर घूमने के बाद भवाली की ओर लौट रहे थे। बस का नंबर UP-14 QT-9690 बताया गया है।
हादसे में कितने लोग गंभीर घायल हैं और सभी यात्रियों की स्थिति क्या है, इसकी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
(वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट ✍️)









