
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति अपनी मेहनत, लगन, प्रतिभा और संकल्प के बल पर आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही है। महिलाओं की रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशीलता राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला है।
बुधवार को लोक भवन नैनीताल में आयोजित महिला स्वयं सहायता समूहों की उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए राज्यपाल ने यह बात कही। प्रदर्शनी में विकासखंड भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी और रामनगर की महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए।
राज्यपाल ने वुडन कलाकृतियों, ऐपण कला, बेकरी उत्पादों, अचार, जैम, मसालों तथा विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला उद्यमियों की रचनात्मकता, गुणवत्ता और नवाचार की सराहना करते हुए विभिन्न स्टॉलों पर जाकर महिलाओं से संवाद किया तथा उनके कार्यों और उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने “लखपति दीदी” बनी महिलाओं को सम्मानित भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं के भीतर अद्भुत रचनात्मक क्षमता और कुछ नया करने का जज्बा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण और विविधता में उल्लेखनीय सुधार दिखाई दे रहा है। यह महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अब केवल उत्पाद निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटलीकरण, विपणन और उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को समझते हुए अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार कर रही हैं।
राज्यपाल ने महिला उद्यमियों से उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावी विपणन भी सफलता के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पांडे, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।









