भीमताल: विकास भवन में सुस्ती का आलम, 45 दिन में 20 मीटर का सफर भी तय नहीं कर पाए सरकारी पत्र

खबर शेयर करें -

भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। विकास भवन भीमताल में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान सरकारी कामकाज में गंभीर लापरवाही सामने आई।

निरीक्षण में पाया गया कि विकास भवन से महज 20 मीटर दूर भेजे जाने वाले पत्र भी कई दिनों से कार्यालय में ही पड़े हैं। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता के कार्यों में लापरवाही अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Ad

भीमताल स्थित विकास भवन में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में लंबित पत्रावलियों और कार्य निष्पादन की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया।

जिला विकास अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि एक और सात अप्रैल के पत्र, जिन्हें विकास भवन परिसर से महज 20 मीटर दूर संबंधित गंतव्य तक भेजा जाना था, वे अब तक कार्यालय में ही पड़े हुए हैं।

इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निर्मला अधिकारी को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पटल पर पत्रावली 24 से 48 घंटे से अधिक लंबित नहीं रखी जाएगी। यदि किसी कारणवश पत्रावली रोकी जाती है तो उसका कारण दर्ज करना अनिवार्य होगा, अन्यथा संबंधित पटल सहायक और अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने समस्त विभागों को यथाशीघ्र ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने को कहा गया।

सीडीओ ने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक विभागों में ई-ऑफिस प्रारंभ नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निर्देश दिए गए कि कार्यालय की सभी पत्रावलियां ई-ऑफिस के माध्यम से ही प्रेषित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी पत्रावली को आगे भेजने से पूर्व उस पर अपना स्पष्ट मंतव्य अंकित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी कार्यालय के साथ मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आम जनता को अनावश्यक रूप से एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय के चक्कर लगाने पर मजबूर न किया जाए। आमजन के कार्यों के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से संवेदनशीलता और समर्पण भाव के साथ जनता की सेवा करने की अपील की।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें