
बेतालघाट, प्रेस 15 न्यूज। शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी लगातार फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं की हकीकत परख रहे हैं।
औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई और सरकारी धन के प्रत्येक रुपये के सदुपयोग को लेकर उनकी सख्त कार्यशैली का असर अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है।
बुधवार को REAP परियोजना के निरीक्षण के दौरान भी मुख्य विकास अधिकारी ने बड़ी वित्तीय अनियमितता पकड़ते हुए स्पष्ट संदेश दे दिया कि विकास योजनाओं में लापरवाही या सरकारी धन के दुरुपयोग के लिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी ने REAP परियोजना के अंतर्गत गरमपानी (बेतालघाट) स्थित REAP CLF कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एएम (इंस्टीट्यूट) REAP अवनीश पांडे द्वारा CLF कार्यालय के लिए किराया स्वीकृत कराने की संस्तुति की जा रही थी और जनपद स्तर से किराए की धनराशि भी उपलब्ध कराई जा रही थी, जबकि संबंधित CLF को कार्यालय भवन पहले से ही निःशुल्क आवंटित है।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित अधिकारी द्वारा इससे पहले भीमताल और कोटाबाग में भी इसी प्रकार की अनियमितताएं की गई थीं। गरमपानी में भी मामला सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए संबंधित अधिकारी की सेवा समाप्ति की संस्तुति शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकारी धन का दुरुपयोग अथवा नियमों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने गरमपानी स्थित REAP आउटलेट का भी निरीक्षण किया तथा संचालन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीडीओ गोपाल गिरी, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









