बेतालघाट कंबल हादसा: बिना अनुमति आयोजन, अव्यवस्था की इंतहा, आयोजक शीलू कुमार पर मुकदमा

खबर शेयर करें -

बेतालघाट/हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मिनी स्टेडियम में कंबल वितरण के नाम पर किए गए कार्यक्रम ने आयोजक की गैर-जिम्मेदारी और लापरवाही की परतें खोल दीं। दीवार गिरने से छह लोगों के घायल होने के मामले में आयोजक शीलू कुमार, तारा भंडारी सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार को क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुंदन कुमार ने तहरीर देकर कार्रवाई कराई।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने साफ किया कि इस आयोजन के लिए न तो जिला प्रशासन से अनुमति ली गई और न ही पुलिस से। यानी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपात प्रबंधन हर स्तर पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। युवा कल्याण विभाग की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर ने आयोजक की मनमानी पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।

Ad

हकीकत यह है कि नैनीताल जिले के बेतालघाट स्थित मिनी स्टेडियम में सोमवार देर शाम “आरम्भ विधानसभा 2027” कार्यक्रम में कंबल वितरण के दौरान “फ्री” के लालच में 2000 से अधिक लोगों की भीड़ जुटा दी गई। बिना बैरिकेडिंग, बिना सुरक्षा योजना भीड़ दीवार पर चढ़ी और भार सहन न कर पाने से दीवार ढह गई। नतीजा तीन महिलाएं और तीन पुरुष घायल। चार घायलों को गंभीर चोटों के चलते सीएचसी से हल्द्वानी रेफर करना पड़ा।

घायल हुए

कांति देवी (65), रेखा देवी (43), बचुली देवी (58), भोपाल अधिकारी (17), मोहन कुमार (37) और रेवाधर (38)। इनमें कांति देवी, रेखा देवी, बचुली देवी और भोपाल अधिकारी की हालत ज्यादा गंभीर बताई गई।

लापरवाही यहीं नहीं थमी। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने आयोजक की संवेदनहीनता का एक और चेहरा दिखाया। रात के समय महिलाएं पैदल घर लौटती दिखीं। महिलाओं का आरोप है कि सुबह कार्यक्रम में लाने के लिए वाहन तो लगाए गए, लेकिन रात में वापसी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरी में उन्हें घने जंगल से, वन्यजीवों की दहशत के बीच पैदल लौटना पड़ा।

प्रशासन ने भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू करने की बात कही है, लेकिन यह हादसा सवाल छोड़ गया है। क्या प्रचार और भीड़ जुटाने की होड़ में आयोजक लोगों की जान से खेलने के लिए खुले हैं? नियम तोड़कर, सुरक्षा से खिलवाड़ कर आयोजन करने वालों पर सख्त कार्रवाई ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोक सकती है।

What’s your Reaction?
+1
3
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें