सतर्क रहिए: (हल्द्वानी) लिंक के जाल में फंसा कमलुवागांजा निवासी युवक, गंवाई मेहनत की कमाई

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ही साइबर ठगों की चालें भी पहले से कहीं ज्यादा शातिर हो गई हैं। एक छोटी-सी लापरवाही और अनजान लिंक पर क्लिक करना भारी आर्थिक नुकसान में बदल सकता है। ऐसा ही मामला हल्द्वानी से सामने आया है, जहां एक युवक फर्जी एप और लिंक के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठा।

हल्द्वानी के सांईपुरम कमलुवागांजा निवासी गौरव तिवारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। पीड़ित के अनुसार उनका खाता एसबीआई की कुसुमखेड़ा शाखा में है। कुछ दिन पहले उन्होंने प्ले स्टोर से एसबीआई की योनो एप डाउनलोड करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी कारणों से एप इंस्टॉल नहीं हो सकी।

Ad

इसी बीच अगले दिन उनके मोबाइल नंबर पर एक संदिग्ध लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिए गए, जिसमें कई अज्ञात नंबर मौजूद थे। ग्रुप में साझा किए गए एक अन्य लिंक पर क्लिक करने पर गौरव को फर्जी योनो एप के पेज पर ले जाया गया। वहां “अपडेट” के नाम पर उनसे बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारियां भरवाई गईं।

जानकारी भरते ही उनके मोबाइल पर योनो से संबंधित ओटीपी आने लगे और उसी दिन खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके बाद अलग-अलग समय पर 42,575 रुपये और 89,710 रुपये समेत कुल 1,87,286.64 रुपये इंटरनेट बैंकिंग के जरिए अज्ञात खातों में निकाल लिए गए।

पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना रुद्रपुर में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, लिंक पर क्लिक करते ही ठगों ने पीड़ित के मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया था। इसी दौरान मोबाइल को क्लोन कर ठग खुद इस्तेमाल कर रहे थे, जबकि पीड़ित अनजाने में उनकी बातों में आकर सारी जानकारी साझा करता रहा।

सावधानी ही बचाव है

विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंक से जुड़ी एप केवल आधिकारिक प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करें और ओटीपी या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। जरा-सी सतर्कता आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें