जिला पंचायत बोर्ड बैठक में सीडीओ के सख्त निर्देश: मैदान से पहाड़ तक विकास कार्यों में लापरवाही नहीं चलेगी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित जिला पंचायत बोर्ड बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान अब फाइलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधिकारी फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति समझेंगे और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे।

Ad

सीडीओ ने कहा कि विकास तभी सार्थक होगा जब उसका लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारें।

निराश्रित पशुओं पर सीडीओ की सख्ती, नई गौशालाओं की प्रक्रिया तेज

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं से हो रहे नुकसान का मुद्दा उठने पर सीडीओ ने इसे गंभीर विषय बताया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जनपद की गौशालाओं में 3100 से अधिक गोवंश संरक्षित हैं और कई गौशालाएं क्षमता से अधिक भर चुकी हैं।

सीडीओ ने निर्देश दिए कि रामनगर के मालधनचौड़ में प्रस्तावित गौशाला निर्माण की डीपीआर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में गौशालाएं नहीं हैं, वहां भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किए जाएं।

ग्राम गौसेवक योजना को विस्तार देने के निर्देश

सीडीओ ने ग्राम गौसेवक योजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशु संरक्षण से जोड़ते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को इस योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि जनपद में गौसेवकों की संख्या बढ़ सके।

पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

पर्वतीय ब्लॉकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर सीडीओ अरविन्द पाण्डे ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि रामगढ़, धारी, ओखलकांडा और बेतालघाट में हर माह रोस्टरवार चिकित्सा शिविर लगाए जाएं, जिनमें अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा उपलब्ध हो।

उन्होंने सरकारी चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाइयां लिखे जाने पर भी सख्ती दिखाते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

जंगली जानवरों से सुरक्षा और फेंसिंग पर प्राथमिकता

सीडीओ ने वन विभाग और कृषि विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में फेंसिंग, नियमित पेट्रोलिंग और वन्यजीवों से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जान-माल के नुकसान पर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सड़क, पानी और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

सीडीओ ने लोनिवि और पीएमजीएसवाई को पर्वतीय क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता से गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत लंबित पेयजल समस्याओं पर जल संस्थान और जल निगम को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन कूड़ा निस्तारण और आंतरिक मार्गों की सफाई को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, उपाध्यक्ष देवकी देवी, विभिन्न ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें