
अल्मोड़ा, प्रेस 15 न्यूज। जिले में बिजली बिल बकाए को लेकर यूपीसीएल की सख्ती अब असर दिखाने लगी है। खास बात यह रही कि इस कार्रवाई में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भाई दीपक आर्या भी नहीं बच सके।
क्षेत्र में चर्चा जोरों पर है कि बहन प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं और पत्नी ताकुला ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी आर्या, शायद दीपक आर्या इसी रौब और बेफिक्री में थे, तभी तो बिजली खर्च करने के बाद बिल भरना जरूरी नहीं समझा। हालांकि यूपीसीएल ने कनेक्शन काटकर सत्ता के करीबी की हवा जरूर निकाल दी है।
जानकारी के अनुसार, दीपक आर्या पर 94,610 रुपये का बिजली बिल बकाया था। कई बार नोटिस भेजने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद विभाग ने उनके गोदाम का बिजली कनेक्शन काट दिया।
जिले में सिर्फ यही मामला नहीं है। यूपीसीएल द्वारा जारी बकाएदारों की सूची में कई सरकारी विभाग भी शामिल हैं। वन विभाग पर 90,179 रुपये और फलसीमा आईटीआई संस्थान पर 51,390 रुपये का बकाया दर्ज है।
बिजली विभाग की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक जिले में 23 बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं।
यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता कन्हैया जी मिश्रा के मुताबिक, विभाग की ओर से कई बार संबंधित विभागों और उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं होने पर अब कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया न चुकाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।









