
ओखलकांडा, प्रेस 15 न्यूज। ग्रामीण परिवारों में बेहतर पोषण और बच्चों को संतुलित आहार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओखलकांडा विकासखंड के ग्राम पंचायत कालाआगर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र सिरायल में पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री से तरह-तरह के व्यंजन तैयार कर न केवल अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया, बल्कि संतुलित आहार और कुपोषण से बचाव का संदेश भी दिया।
06 अक्टूबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम बाल विकास परियोजना अधिकारी तुलसी बोरा के निर्देशन में हुआ। प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय महिलाओं ने विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए। व्यंजनों के माध्यम से पोषणयुक्त और संतुलित भोजन को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रही माधवी मेहता आंगनबाडी कार्यकर्ती गरगडी तल्ली , द्वितीय तुलसी भटट आंगनबाडी कार्यकर्ती झडगाव मल्ला तृतीय, पूर्णिमा चिलवाल आंगनबाडी कार्यकर्ती चमोली को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संतुलित आहार, बच्चों के पोषण, कुपोषण की रोकथाम तथा बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पौष्टिक भोजन बेहद जरूरी है और परिवार में उपलब्ध स्थानीय खाद्य पदार्थों के बेहतर इस्तेमाल से पोषण संबंधी जरूरतों को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय महिलाएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतियोगिता के जरिए ग्रामीण महिलाओं को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।










